
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को एक अनोखी पहल करते हुए अपने सरकारी आवास 10, कालिदास मार्ग से विधानसभा स्थित कार्यालय तक साइकिल से सफर किया। उन्होंने घोषणा की कि वह अब प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन साइकिल से कार्यालय आएंगे-जाएंगे। मंत्री की इस पहल को ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपेक्षाओं के अनुरूप की गई है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 85 से 86 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पादों का आयात विदेशों से किया जाता है, जिससे भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। ऐसे में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों को देखते हुए देश को ऊर्जा संरक्षण की दिशा में गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है। साइकिल का उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में भी सहायक है। इसके साथ ही यह लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का उपयोग करें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन तथा साझा वाहनों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव करे तो देश की ऊर्जा खपत में बड़ा अंतर लाया जा सकता है।
सुरेश खन्ना की यह पहल राजधानी लखनऊ में चर्चा का विषय बनी रही। विधानसभा मार्ग पर लोगों ने मंत्री को साइकिल चलाते देखा तो कई लोगों ने इसे सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया। राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इस पहल की सराहना की जा रही है।