वाराणसी मंडल में RPF जवानों के लिए नई कैंटीन का शुभारंभ, डीआरएम आशीष जैन ने किया निरीक्षण


वाराणसी। North Eastern Railway के वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जवानों की सुविधा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय में नव स्थापित कैंटीन का शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक Ashish Jain ने गुरुवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कैंटीन का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक Anju Lata Dwivedi ने फीता काटकर कैंटीन का औपचारिक शुभारंभ किया।
रेल प्रशासन द्वारा स्थापित इस कैंटीन का उद्देश्य रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों को उचित दरों पर दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराना, ड्यूटी के दौरान बाहर जाने की आवश्यकता को कम करना तथा कर्मचारियों के कल्याण और सुविधा को बढ़ावा देना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था RPF जवानों के लिए एक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण तैयार करेगी, जिससे उन्हें ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडलीय अधिकारियों के साथ कैंटीन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान दिन-रात यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन जवानों को सुलभ दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कमांडेंट कार्यालय भवन, परिसर, विभिन्न शाखाओं के कक्षों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, सुरक्षा उपकरणों और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और रेलवे सुरक्षा बल इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त S. Ramakrishnan, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, सहायक परिचालन प्रबंधक एस.के. राय, सहायक नगर इंजीनियर ए.के. पांडेय सहित रेलवे सुरक्षा बल के जवान और रेल कर्मचारी मौजूद रहे।