23 लाख की लागत से 160 मीटर सीसी सड़क का लोकार्पण, विधायक बोले- हर गली का होगा विकास


अछनेरा। विकासखंड अछनेरा के ग्राम नगला बूचीराम (गोपऊ) में सोमवार को विधायक निधि से निर्मित 160 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण विधायक चौधरी बाबूलाल द्वारा विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। सड़क निर्माण पर करीब 23 लाख रुपये की लागत आई है।
यह सड़क गोपऊ नहर पटरी से रामनरेश इंदौलिया सभासद के घर तक बनाई गई है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी गई है और विधानसभा क्षेत्र में लगातार शिलान्यास, भूमिपूजन तथा लोकार्पण के कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार स्तर पर क्षेत्रीय विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता से स्वीकृति मिल रही है, जिससे गांवों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र को शहर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है और गांव की हर गली तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और प्रबुद्धजनों ने विधायक चौधरी बाबूलाल का साफा और मालाएं पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।