
लखनऊ। उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सूरज की तपिश ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ने की आशंका है।
बुधवार को बांदा जिला देश का सबसे गर्म इलाका बनकर सामने आया, जहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से करीब 4.5 डिग्री अधिक रहा। भीषण गर्मी के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में अगले कुछ दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा
प्रदेश के अन्य जिलों में भी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रयागराज में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर में 46.2 और झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी से अछूता नहीं रहा। आगरा में 45.3 डिग्री, उरई में 45.2 डिग्री और बुलंदशहर में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। देश के अन्य हिस्सों में भी गर्मी का असर देखने को मिला। मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.4 डिग्री और महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिन और भारी पड़ सकते हैं
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार दक्षिण-पूर्व दिशा से रेगिस्तानी गर्म हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौसम में राहत मिलने के संकेत नहीं हैं और अगले दो दिनों तक लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सिर व शरीर को ढककर रखने की सलाह दी है। अस्पतालों में भी हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।