IRCTC लेकर आया जन्नत-ए-कश्मीर हवाई टूर पैकेज: कश्मीर की खूबसूरत वादियों के होंगे दीदार

लखनऊ। आईआरसीटीसी लखनऊ यात्रियों के लिए जन्नत-ए-कश्मीर नाम से विशेष हवाई टूर पैकेज लेकर आया है। बता दें कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह टूर पैकेज 20 जून से 25 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। छह दिन और पांच रात के इस पैकेज में पर्यटकों को कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग की सैर कराई जाएगी। यह यात्रा खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार की गई है जो कम समय में कश्मीर की प्राकृतिक खूबसूरती और प्रमुख दर्शनीय स्थलों का आनंद लेना चाहते हैं।

इस विशेष टूर पैकेज में यात्रियों के लिए लखनऊ से श्रीनगर तक आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट के माध्यम से की गई है। वहीं ठहरने की सुविधा तीन सितारा होटल और पारंपरिक हाउसबोट में उपलब्ध कराई जाएगी। खाने-पीने की समुचित व्यवस्था भी पैकेज में शामिल रहेगी।

यात्रा के दौरान पर्यटकों को डल झील, बर्फीले पहाड़, खिलनमर्ग, बेताब घाटी, चंदनवारी, अरु घाटी, शंकराचार्य मंदिर, मुगल गार्डन, निशात बाग, चश्मेशाही, शालीमार गार्डन और हजरतबल दरगाह जैसे प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा गुलमर्ग में प्रसिद्ध गोंडोला केबल कार का आनंद भी लिया जा सकेगा, हालांकि इसका शुल्क यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा।

जानिए पैकेज का किराया

आईआरसीटीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर पैकेज की कीमत 68,800 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। दो लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 52,300 रुपये और तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 49,950 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं बच्चों के लिए भी विशेष दरें तय की गई हैं। माता-पिता के साथ ठहरने वाले बच्चे के लिए बेड सहित पैकेज शुल्क 41,100 रुपये तथा बिना बेड के 36,800 रुपये रखा गया है।

अधिक जानकारी के लिए संपर्क

आईआरसीटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए जारी 8287930911,9236391911,8287930902, 9415042930 मोबाइल नंबरों पर संपर्क करें।