ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने मोटरसाइकिल से विधानसभा पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना आज अपने पूर्व निर्धारित संकल्प के अनुरूप मोटरसाइकिल से विधानसभा स्थित अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन साइकिल से कार्यालय आने-जाने का उनका निर्णय केवल व्यक्तिगत पहल नहीं है, बल्कि यह ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी है।

वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन बचत जरूरी

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हैं और वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा भारत की ओर से आपसी संवाद और शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लगातार प्रयास किए गए हैं, लेकिन परिस्थितियां अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पेट्रोल और डीजल जैसे संसाधनों के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। ईंधन की बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय हित और भविष्य की जरूरतों के लिए भी बेहद आवश्यक है।

सार्वजनिक परिवहन और साझा वाहनों के उपयोग की अपील

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग यथासंभव साइकिल, सार्वजनिक परिवहन और साझा वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी भी उतनी ही जरूरी है।

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यदि हर नागरिक छोटे-छोटे प्रयास करे तो ऊर्जा बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।