VHRP ने प्रशासन और सरकार पर उठाए गंभीर सवाल: जल्द कार्रवाई न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी

लखनऊ। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने हिन्दू लड़कियों के अपहरण, लव जिहाद, खरीद-फरोख्त और धर्मांतरण के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन और सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश समेत देशभर में संगठित तरीके से लव जिहाद और धर्मांतरण का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है।

गोपाल राय ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से लगातार हिन्दू बेटियों के गायब होने और धर्मांतरण की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने गाजियाबाद के एक त्यागी परिवार की लड़की समेत छह युवतियों के लापता होने का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि मेरठ निवासी बदर अख्तर सिद्दकी द्वारा आशा नेगी और प्रिया त्यागी सहित कई हिन्दू लड़कियों को लव जिहाद के जाल में फंसाकर उनका अपहरण किया गया।

उन्होंने बताया कि त्यागी के परिवार की ओर से दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, लेकिन अब तक बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। गोपाल राय ने दावा किया कि बदर अख्तर सिद्दकी सऊदी अरब से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है और देशभर से लगातार ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, जिनमें हिन्दू बच्चियों को निशाना बनाकर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा है।

डीसीपी पूर्वी के सख्त निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला भी उठाया और कहा कि युवती अभी तक लापता है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना चिनहट में एक सप्ताह पूर्व पुलिस एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल कर रही थी। बाद में डीसीपी पूर्वी के सख्त निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।

आंदोलन की दी चेतावनी

गोपाल राय ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी और निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, तब भी दोषियों के खिलाफ कठोर कदम न उठाया जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द और प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि सभी लापता हिन्दू लड़कियों की तत्काल बरामदगी सुनिश्चित की जाए और कथित लव जिहाद एवं धर्मांतरण नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रियंका ठाकुर बनीं महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने प्रियंका ठाकुर को महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की। नियुक्ति के बाद प्रियंका ठाकुर ने कहा कि वह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि हिन्दू बेटियों की सुरक्षा, महिला जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को लेकर देशभर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा।