
लखनऊ। थाना जीआरपी चारबाग पुलिस ने ट्रेन में युवती की हत्या कर शव को बैग और बक्से में भरकर फेंकने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी युवती का पिता निकला, जिसने बेटी के प्रेम संबंधों से नाराज होकर रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक 17 मई 2026 को थाना जीआरपी चारबाग में अभियोग संख्या 197/2026 धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। ट्रेन संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच संख्या एस-1 में एक बैग और बक्से से अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। ट्रेन में शव मिलने की सूचना से रेलवे और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ रोहित मिश्रा के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। जांच के दौरान ट्रेन और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा सर्विलांस की मदद ली गई।
पुलिस जांच में ट्रेन से उतरते तीन संदिग्धों की तस्वीरें सामने आईं। उनकी पहचान के आधार पर पुलिस टीम तमकुही रोड पहुंची और वहां से सुराग जुटाते हुए ग्राम पिपरा मुस्तकील अगरवां थाना सेवरही जनपद कुशीनगर में दबिश दी। पुलिस ने वहां से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विग्गन अंसारी पुत्र मजिस्टर अंसारी निवासी जयपुर पिपराग्राट मुस्तकील थाना सेवरही जनपद कुशीनगर, मोजिबुल्ला अंसारी निवासी थिरकिया थाना पडरौना कुशीनगर तथा नूरजहां पत्नी मोजिबुल्ला अंसारी शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतका शब्बा का किसी युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी। पिता विग्गन अंसारी इस रिश्ते के खिलाफ था। पुलिस के अनुसार, परिवार के विरोध के बावजूद शब्बा लगातार अपने प्रेमी से बातचीत करती रही, जिससे आरोपी पिता नाराज था।
आरोपियों ने बताया कि 16 मई की रात विग्गन अंसारी ने अपने बहनोई मोजिबुल्ला और बहन नूरजहां के साथ मिलकर घर में धारदार बांके से शब्बा की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और उन्हें बैग तथा बक्से में भर दिया गया। इसके बाद आरोपी शव को गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच एस-1 में रखकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांके भी बरामद कर लिए हैं। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।