
रिपोर्ट : मीरजापुर/प्रवेश सिंह
मीरजापुर, 29 मई। जनपद मीरजापुर पुलिस को खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत एसओजी/सर्विलांस टीम ने कुल 234 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला के नेतृत्व में CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और मोबाइल मिसिंग प्रार्थना पत्रों के आधार पर की गई। तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को खोज निकाला।

शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जताते हुए एक स्वर में “थैंक यू मिर्जापुर पुलिस” कहा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं या UPCOP एप के माध्यम से e-FIR दर्ज करें। साथ ही CEIR पोर्टल पर मोबाइल का विवरण दर्ज कर IMEI ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं, ताकि मोबाइल के दुरुपयोग को रोका जा सके।
बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह, नितिन सिंह, अमित कुमार सिंह तथा आरक्षी सत्यम सिंह सहित एसओजी/सर्विलांस टीम शामिल रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।