
लखनऊ। नवाबी शहर लखनऊ में गर्मियों की सबसे खास पहचान आम को इस बार सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। फन रिपब्लिक मॉल में 29 मई से 31 मई तक आयोजित मैंगो फेस्टिवल लोगों के लिए स्वाद, परंपरा और मनोरंजन का अनूठा संगम लेकर आया है। यह आयोजन केवल आमों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और क्षेत्रीय विविधता को भी खास अंदाज में प्रस्तुत कर रहा है। फेस्टिवल का शुभारंभ प्रसिद्ध शेफ शेफ नंदिनी मोतियानी ने किया।
तीन दिवसीय इस उत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से लाए गए करीब 30 प्रकार के आम मुख्य आकर्षण बने हुए हैं। बंगनपल्ली, अल्फांजो, तोतापुरी, सिंधुरा, मल्लिका, राम केला, लंगड़ा, चौसा, सफेदा, केसर और दशहरी जैसी लोकप्रिय किस्में न केवल अपने स्वाद से लोगों को लुभा रही हैं, बल्कि भारतीय कृषि और क्षेत्रीय फलों की समृद्ध परंपरा की झलक भी पेश कर रही हैं। फेस्टिवल में आने वाले लोग इन आमों को करीब से देख सकेंगे और अपनी पसंद की किस्में खरीद भी सकेंगे।
बच्चों और महिलाओं के लिए होंगी खास प्रतियोगिताएं
मैंगो फेस्टिवल को पारिवारिक और सांस्कृतिक रंग देने के लिए कई विशेष गतिविधियों का भी आयोजन किया गया है। 30 मई को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें नन्हे प्रतिभागी आकर्षक और रंग-बिरंगे परिधानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं 31 मई को महिलाओं के लिए कोल्ड कुकिंग प्रतियोगिता होगी, जिसमें आम से बने पारंपरिक और रचनात्मक व्यंजन तैयार किए जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि इन प्रतियोगिताओं के जरिए भारतीय रसोई, पारिवारिक परंपराओं और रचनात्मकता को मंच मिलेगा।
आम भारतीय गर्मियों की यादों और संस्कृति का हिस्सा
फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर विकल्प सक्सेना ने कहा कि आम केवल एक फल नहीं, बल्कि भारतीय गर्मियों की संस्कृति और यादों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मॉल का प्रयास है कि लखनऊवासियों को ऐसा अनुभव मिले, जहां स्वाद, परंपरा और मनोरंजन एक साथ महसूस किया जा सके। उन्होंने कहा कि देशभर से लाई गई अलग-अलग किस्मों के आम इस उत्सव को और भी खास बना रहे हैं तथा लोगों को भारतीय फलों की समृद्ध विरासत से जोड़ रहे हैं।