कुल्हाड़ी-लाठी लेकर पत्नी पर टूट पड़ा पति, कमरे में बंद होकर बचाई जान; आरोपी जेल भेजा गया


किरावली (आगरा)। कागारौल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने पति और जेठ पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। महिला ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार जेठ की तलाश जारी है।
पीड़िता नीतू पत्नी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता था। वह अक्सर गाली-गलौज करता और घर से निकालने की धमकी देता था। कई बार विवाद होने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
महिला के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:20 बजे वह घर पर अकेली थी। तभी उसका पति योगेंद्र सिंह और जेठ लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ी के साथ घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का प्रयास किया। हमले से घबराकर उसने किसी तरह खुद को बचाया और एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी पक्ष में हड़कंप मच गया। महिला का आरोप है कि उसका जेठ मौके से फरार हो गया, जबकि पति ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पीड़िता ने दोनों आरोपियों से अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी अंकुर राठी ने बताया कि आरोपी पति योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरार जेठ की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।