बाराबंकी। जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन गेस्ट हाउस की स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय भवन में करीब 28 लोग मौजूद थे। स्लैब गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे में दब गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया है। अब तक 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे स्थित यह निर्माणाधीन गेस्ट हाउस रायबरेली निवासी के.पी. सिंह का है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएम ईशान प्रताप सिंह और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।