इंडियन आइडल 16 का ग्रैंड फिनाले: संगीत-सितारों और यादों से सजेगा फिनाले, टॉप-6 फाइनलिस्ट के बीच होगी खिताबी जंग

कई महीनों तक चली शानदार संगीत यात्रा के बाद सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न का लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीज़न 16 अब अपने बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले की दहलीज पर पहुंच गया है। शो का ग्रैंड फिनाले रविवार, 26 जुलाई 2026 को प्रसारित होगा। इस बार सीज़न की थीम ‘यादों की प्लेलिस्ट’ रही, जिसने पूरे सफर में दर्शकों को पुराने और सदाबहार गीतों के जरिए भावनाओं और यादों से जोड़े रखा। अब फाइनल मुकाबले में अंशिका चोंकर, ज्योतिर्मयी नायक, मनराज वीर सिंह, मैस्कम बोसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला के बीच प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए मुकाबला होगा।

पूरे सीज़न में प्रतिभागियों ने दीं यादगार प्रस्तुतियां

इस सीज़न में प्रतिभागियों ने अपनी गायकी से दर्शकों का दिल जीतते हुए कई कालजयी गीतों को नए अंदाज़ में पेश किया। जज विशाल ददलानी, श्रेया घोषाल और बादशाह के मार्गदर्शन तथा आदित्य नारायण की मेजबानी में शो ने प्रतिभा, जुनून और संघर्ष का शानदार संगम पेश किया। हर एपिसोड ने दर्शकों को एक नई संगीत यात्रा का अनुभव कराया और कई प्रस्तुतियां लंबे समय तक याद रहने वाली बन गईं।

फिनाले में लगेगा सितारों का जमावड़ा

ग्रैंड फिनाले को और भी भव्य बनाने के लिए कई दिग्गज कलाकार शो का हिस्सा बनेंगे। जज श्रेया घोषाल और बादशाह के अलावा विशेष मेहमानों के रूप में उषा उथुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज़ गिल और उर्मिला मातोंडकर अपनी मौजूदगी से शाम को खास बनाएंगे। संगीत, मनोरंजन और शानदार प्रस्तुतियों से सजा यह एपिसोड दर्शकों के लिए यादगार होने का दावा करता है।

विशाल ददलानी बोले- फाइनल तक पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि

जज विशाल ददलानी ने कहा कि इस सीज़न में कई बेहतरीन और यादगार प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। उनके मुताबिक सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली बात प्रतिभागियों की सीखने की ललक, खुद को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश और हर प्रस्तुति के साथ उनका विकास रहा। उन्होंने कहा कि ग्रैंड फिनाले तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और सभी छह फाइनलिस्ट अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर यहां तक पहुंचे हैं। पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण वह फिनाले का हिस्सा नहीं बन पाएंगे, लेकिन सभी प्रतिभागियों को उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल संगीत भविष्य की कामना की।

श्रेया घोषाल ने कहा- यह सिर्फ शुरुआत है

श्रेया घोषाल ने कहा कि पूरे सीज़न में प्रतिभागियों को एक कलाकार के रूप में विकसित होते देखना बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। उनके अनुसार हर प्रतियोगी ने अपनी अलग पहचान और संगीत के प्रति सच्चे प्रेम को मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी चाहे किसी के हाथ लगे, लेकिन सभी प्रतिभागियों को खुद पर भरोसा बनाए रखना चाहिए क्योंकि यह उनकी लंबी संगीत यात्रा की सिर्फ शुरुआत है।

आदित्य नारायण बोले- दर्शकों को मिलेगी यादगार शाम

होस्ट आदित्य नारायण ने कहा कि इंडियन आइडल का हर सीज़न खास होता है, लेकिन इस बार प्रतिभागियों की शुरुआत से लेकर ग्रैंड फिनाले तक की यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि सभी प्रतियोगी न केवल बेहतर गायक बने बल्कि कलाकार और इंसान के रूप में भी परिपक्व हुए हैं। आदित्य ने विश्वास जताया कि ‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम वाला यह सीज़न ग्रैंड फिनाले के साथ एक शानदार समापन करेगा और दर्शकों को संगीत व भावनाओं से भरपूर अविस्मरणीय शाम देखने को मिलेगी।

26 जुलाई को होगा विजेता का ऐलान

इंडियन आइडल सीज़न 16 का ग्रैंड फिनाले रविवार, 26 जुलाई 2026 को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रसारित होगा, जबकि इसे सोनी लिव पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। इसी दौरान टॉप-6 फाइनलिस्ट में से किसी एक को इंडियन आइडल सीज़न 16 का विजेता घोषित किया जाएगा।