बिलग्राम से कन्नौज तक गूंजा हर-हर महादेव, 25 हजार भक्तों ने निकाली ऐतिहासिक कांवर यात्रा

बिलग्राम। बिलग्राम के ऐतिहासिक बाबा मंशानाथ मंदिर से कन्नौज स्थित बाबा गौरी शंकर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए शुक्रवार को विशाल कांवर यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 25 हजार शिवभक्तों ने हिस्सा लिया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा नगर और यात्रा मार्ग भक्तिमय नजर आया।
इस कांवर यात्रा को प्रदेश की सबसे विशाल और शांतिप्रिय कांवर यात्राओं में गिना जाता है। बिलग्राम नगर के लिए यह दिन पूरी तरह भगवान भोलेनाथ को समर्पित रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल कांवर लेकर कन्नौज के लिए रवाना हुए, वहीं कई भक्त अपने वाहनों से भी यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरदोई और कन्नौज जिला प्रशासन के समन्वय से मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। बिलग्राम से कन्नौज जाने वाले मार्ग पर कांवरियों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता दी गई और अन्य वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के लिए हरदोई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की पुलिस टीमों के साथ पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी और बिलग्राम थाना प्रभारी लगातार यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
यात्रा के दौरान बिलग्राम नगर से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। सैकड़ों किसान और ग्रामीण अपने ट्रैक्टरों के साथ कांवर यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक और दिव्य झांकियों ने यात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
श्रद्धालुओं ने किया कांवरियों का स्वागत
कांवर यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शिवभक्तों का स्वागत किया। घरों से निकलकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने कांवरियों के लिए सेवा और स्वागत की व्यवस्था की। कई स्थानों पर भक्तों को जलपान और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
यात्रा के दौरान लखनऊ के लेटे हनुमान मंदिर के महंत तोगड़िया जी का भी कई स्थानों पर पूजन-अर्चन और स्वागत किया गया।
बिलग्राम से कन्नौज तक हजारों शिवभक्तों की यह यात्रा धार्मिक आस्था, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का बड़ा उदाहरण बनी। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच कांवर यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में आगे बढ़ती रही और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।