खेत के किनारे पानी से निकले मगरमच्छ ने किसान पर किया हमला, हालत गंभीर

खेत के किनारे पानी से निकले मगरमच्छ ने किसान पर किया हमला, हालत गंभीर
निघासन, खीरी। तहसील निघासन क्षेत्र के गदियाना मजरा छेदुई पतिया में गुरुवार को खेत के किनारे भरे पानी से निकले मगरमच्छ ने चारा लेने गए किसान पर अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार भदुरहिया गांव निवासी इरफान पुत्र हबीब अपने खेत पर मवेशियों के लिए चारा लेने गया था। इसी दौरान खेत के किनारे भरे पानी में छिपे बैठे मगरमच्छ ने अचानक बाहर निकलकर उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने किसान की पीठ, सिर और हाथ को जकड़ लिया।
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह साहस दिखाते हुए मगरमच्छ के चंगुल से इरफान को छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल इरफान को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया लेकर पहुंचे।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने किसान की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक बरसात के कारण खेतों, नहरों और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी बढ़ गया है। ऐसे में मगरमच्छ सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी और खेतों की ओर पहुंच रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोगों ने खेतों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।