प्रशासन की अनदेखी से मुरारपुर व क्षेत्र के ग्रामीण परेशान, जफराबाद-हौज मार्ग पर जलभराव से आवाजाही ठप

जौनपुर। जफराबाद से हौज टोल को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर हौज गांव के मुरारपुर में तालाब ओवरफ्लो होने से गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़क पर घुटने भर पानी भर जाने के कारण हजारों लोगों का रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को कई किलोमीटर घूमकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जफराबाद से हौज टोल को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। मुरारपुर गांव में करीब 200 मीटर के दायरे में स्थित पोखरा लगातार बारिश के कारण ओवरफ्लो हो गया है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सीवर लाइन भी प्रभावित हो गई है और बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया है।
स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें
जलभराव के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। तालाब के सामने ही एक निजी स्कूल स्थित है, जहां आसपास के कई गांवों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। सड़क पर जमा दूषित पानी के कारण बच्चों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बाइक और अन्य छोटे वाहनों से इस मार्ग से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की वजह से सड़क पर गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बारिश से पहले नहीं हुई जल निकासी की व्यवस्था
ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश शुरू होने से पहले प्रशासन की ओर से गांव के तालाबों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द जल निकासी नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में बीडीओ सिरकोनी विकास सिंह ने बताया कि पोखरा ओवरफ्लो होने की सूचना उनके संज्ञान में नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि आम जनमानस को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जफराबाद-हौज मार्ग से तत्काल पानी की निकासी कराई जाए और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो और लोगों का आवागमन सामान्य हो सके।