
उन्नाव। जिले में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी कराने और नालों-नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 16 ईदगाह-पत्थर कटा कॉलोनी, गांधी नगर, वार्ड नंबर 24 आदर्श नगर, वार्ड नंबर 3 पीडी नगर और वार्ड नंबर 18 समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालों और नालियों में जल निकासी की व्यवस्था, सफाई की स्थिति तथा जलभराव से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
नौ स्थानों पर पंपिंग सेट लगाए गए
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि लगातार बारिश को देखते हुए नगर पालिका उन्नाव क्षेत्र में नौ स्थानों पर पंपिंग सेट लगाए गए हैं। इसके अलावा दो स्थानों पर मड पंप जनरेटर सेट की व्यवस्था की गई है। अन्य जलभराव वाले स्थानों पर साकिंग मशीन के माध्यम से भी पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों की टीमें लगातार जल निकासी के कार्य में जुटी हैं।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। नालियों और बड़े नालों में जमा फ्लोटिंग पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे तत्काल हटाने की व्यवस्था की गई है।
आपदा और चिकित्सा टीमें सक्रिय
डीएम ने बताया कि आपदा और चिकित्सा विभाग की टीमें भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। नगर पालिका, नगर पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संबंधित अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जलभराव वाले क्षेत्रों से तेजी से पानी निकालने का काम किया जा रहा है। बारिश के दृष्टिगत स्कूल-कॉलेज भी बंद किए गए हैं।
डीएम की लोगों से अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें और अनावश्यक रूप से यात्रा न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में जलभराव या अन्य समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए। नालियों और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही जहां भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो, वहां तत्काल पंप आदि के माध्यम से पानी की निकासी कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने और जलभराव वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उन्नाव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।