अशोक सिंघल की जन्म जयंती पर पुष्पांजलि सभा, कार्यकर्ताओं ने किया श्रद्धासुमन अर्पित

रामनगर, बाराबंकी। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख नेताओं में रहे अशोक सिंघल की जन्म जयंती के अवसर पर रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम सुरवारी में पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला मंत्री राहुल कुमार के आवास पर आयोजित हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने अशोक सिंघल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिला मंत्री राहुल कुमार ने अशोक सिंघल के जीवन और उनके सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों को स्मरण करते हुए सेवा, सामाजिक समरसता, हिंदू सशक्तिकरण और मंदिर मुक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़कर समाज सेवा के कार्यों को गति देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अशोक सिंघल के प्रेरणादायी जीवन, दूरदर्शी चिंतन तथा राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद काशी और मथुरा से जुड़े संकल्पों को आगे बढ़ाने की बात भी कही गई। यह विचार कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं की ओर से व्यक्त किए गए।
इसके अलावा अवैध धर्मांतरण पर प्रतिबंध, घर वापसी, वैदिक ज्ञान-विज्ञान के प्रचार-प्रसार, मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने तथा सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अशोक सिंघल के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पुष्पांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने अशोक सिंघल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार, श्याम जी, प्रतीक, शशांक, शिवमोहन, करण सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।