
लखनऊ। अखण्ड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में हिन्दू समाज से जातिवाद से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि हिन्दुत्व की रक्षा, हिन्दू हितों की मजबूती और हिन्दूराष्ट्र की स्थापना के उद्देश्य को साकार करने के लिए समाज की एकता बेहद आवश्यक है। सम्मेलन में बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा गया कि जिस प्रकार वहां हिन्दू मतदाताओं ने एकजुट होकर मतदान किया, उसी तरह पूरे देश में हिन्दू समाज को संगठित होने की जरूरत है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ
कार्यक्रम का आयोजन राय उमानाथ बली सभागार, भातखण्डे विश्वविद्यालय में किया गया, जहां दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारम्भ हुआ। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, राष्ट्रीय संयोजक पंकज तिवारी, कथावाचक प्रभुदास प्रवीण जी महाराज, महंत योगेंद्र दास साहेब, महंत गुरदयाल दास साहेब, बाबा महादेव, आत्माराम तिवारी, साध्वी अर्चना गिरी, गौरव गोस्वामी, शिशिर चतुर्वेदी, प्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रमौलि शुक्ल, अनीता तिवारी और दिव्या शुक्ला सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव हिन्दुत्व की रक्षा और उसे मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हिन्दू समाज को एकजुट करने के लिए गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि अगर हिन्दू समाज संगठित होकर अपने हितों के मुद्दों पर खड़ा होता है तो वह न केवल राजनीतिक रूप से मजबूत होगा बल्कि हिन्दूराष्ट्र की मांग को लेकर भी प्रभावी तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर सकेगा।
कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
सम्मेलन के दौरान किसान आयोग के गठन, जनसंख्या नियंत्रण कानून और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि देशहित और समाजहित से जुड़े इन विषयों पर व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है। कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।