
लखनऊ। NEET परीक्षा विवाद के बाद अब SSC GD परीक्षा में सामने आए पेपर लीक, धांधली और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अव्यवस्थाओं ने यह साबित कर दिया है कि देश और प्रदेश की परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
आप के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में SSC GD परीक्षा से जुड़े गंभीर खुलासे सामने आए हैं। ग्रेटर नोएडा और रांची सहित विभिन्न स्थानों से ऐसे गिरोहों का खुलासा हुआ है जो अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का दावा कर रहे थे। जांच एजेंसियों द्वारा नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और परीक्षा संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं तथा तकनीकी माध्यमों से परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जब देश अभी तक NEET महाघोटाले के घाव से उबर नहीं पाया है, उसी बीच SSC GD परीक्षा पर उठे सवाल युवाओं के भरोसे को और तोड़ने वाले हैं।
छात्र हो रहे हैं निराश
मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस समय भीषण और जानलेवा गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। ऐसे भयावह मौसम में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्र महीनों की तैयारी, आर्थिक बोझ और मानसिक दबाव लेकर दूसरे जिलों तक लंबी यात्रा करके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। लेकिन परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चलता है कि परीक्षा रद्द हो गई, व्यवस्था ध्वस्त है या अंदर धांधली के आरोप लग रहे हैं। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना है।
वंशराज दुबे ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह मजाक बना दिया गया है। उत्तर प्रदेश में शायद ही कोई ऐसी परीक्षा बची हो जिस पर विवाद न हुआ हो। कहीं पेपर लीक हो जाता है, कहीं सर्वर फेलियर का बहाना बना दिया जाता है तो कहीं सेंटर मिसमैनेजमेंट छात्रों के भविष्य को निगल जाता है। उन्होंने SSC GD परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि कई केंद्रों पर क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया जबकि व्यवस्थाएं आधी भी नहीं थीं। छात्रों ने महीनों तक दिन-रात मेहनत की, लेकिन परीक्षा वाले दिन उन्हें अव्यवस्था, अराजकता और निराशा मिली।
अव्यवस्थाओं ने छात्रों के धैर्य की सीमा तोड़ दी है
आप मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने लखनऊ, प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि SSC GD परीक्षा के अचानक रद्द होने और अव्यवस्थाओं ने छात्रों के धैर्य की सीमा तोड़ दी है। सबसे दुखद यह है कि हर बार गलती सरकारी व्यवस्था की होती है, लेकिन आर्थिक और मानसिक नुकसान सिर्फ छात्रों को उठाना पड़ता है। जब व्यवस्था से ठगा गया युवा सड़क पर उतरता है तो सरकार और केवल उसका आक्रोश देखते हैं, लेकिन उसके पीछे छिपी बेबसी, टूटा विश्वास और बर्बाद होती मेहनत को नहीं देखते।