इंडियाज आइकॉनिक टैलेंट शो एंड इंडियाज सुपर मॉडल सीजन 2.0: प्रतिभागियों ने अपने हुनर से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

लखनऊ। राजधानी में नाइस फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले आयोजित इंडियाज आइकॉनिक टैलेंट शो एंड इंडियाज सुपर मॉडल सीजन 2.0 का भव्य ग्रैंड फिनाले शानदार अंदाज में सम्पन्न हुआ। इस मौके पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में एक्टिंग, डांसिंग, मॉडलिंग और सिंगिंग जैसी कई विधाओं में प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिससे पूरा आयोजन बेहद आकर्षक और यादगार बन गया।

इस शो के आयोजन को सफल बनाने में नाइस फ़िल्म प्रोडक्शन के फाउंडर एवं डायरेक्टर अजीत श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रयागराज निवासी अजीत श्रीवास्तव एक प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर और कलाकार भी हैं। उन्होंने इस टैलेंट शो के लिए देशभर के 25 से अधिक शहरों में ऑडिशन आयोजित किए। मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान किया गया। आयोजकों के अनुसार इस मंच का उद्देश्य देश के उभरते कलाकारों को पहचान दिलाना और उन्हें मनोरंजन जगत में आगे बढ़ने का अवसर देना है।

प्रतिभागियों ने अपने हुनर से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। प्रतिभागियों ने अपने हुनर से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो में निर्णायक मंडल की भूमिका भी बेहद खास रही। सिंगिंग कैटेगरी की जजिंग टीवी सेलिब्रिटी तन्मय चतुर्वेदी और आशीष शर्मा ने की, जबकि मॉडलिंग की जिम्मेदारी राजेश यादव ने निभाई। एक्टिंग कैटेगरी का मूल्यांकन फिल्ममेकर अंतरिक्ष श्रीवास्तव ने किया और डांसिंग प्रतियोगिता की जजिंग राष्ट्रीय डांसर मनीष त्रिपाठी द्वारा की गई। सभी निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर अंक देकर विजेताओं की घोषणा की।

मनोरंजन परियोजनाओं में काम करने का अवसर

कार्यक्रम में सीजन-1 के कुछ विशेष अतिथि और विजेता भी शामिल हुए, जिन्हें कंपनी की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा भी बढ़ाई। आयोजन के दौरान नाइस फ़िल्म प्रोडक्शन ने घोषणा की कि शो के एपिसोड जल्द ही टीवी पर प्रसारित किए जाएंगे, जिसकी आधिकारिक तारीख शीघ्र घोषित की जाएगी। कंपनी ने यह भी बताया कि आने वाले समय में शो के विजेताओं को बड़े प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया जाएगा और उन्हें म्यूजिक एल्बम व अन्य मनोरंजन परियोजनाओं में काम करने का अवसर दिया जाएगा।

नाइस फ़िल्म प्रोडक्शन की खास पहचान उसकी सोच और वादे को माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि जो बोलता है वो करता है, क्योंकि सपने यहीं सच होते हैं। यही वजह है कि संस्था लगातार देशभर के कलाकारों को मंच देकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।

अन्य राज्यों में आयोजन की संभावनाओं पर विचार

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने “सीजन 3.0” की घोषणा भी जल्द किए जाने की जानकारी दी। संभावना जताई जा रही है कि अगला सीजन जयपुर में आयोजित किया जाएगा, हालांकि अन्य राज्यों में आयोजन की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल एक शो नहीं बल्कि देश के उभरते कलाकारों के लिए ऐसा मंच है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने सपनों को साकार करने का सुनहरा अवसर मिलता है।