अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद का आज होगा सुपुर्द-ए-खाक, हटवा गांव में पसरा मातम, शाइस्ता परवीन पर टिकी निगाहें

सड़क हादसे में हुई थी अबान अहमद और उसके साथी की मौत

Atiq Ahmed Son Aban Ahmed Funeral: Prayagraj on High Alert
सड़क हादसे में मृत अबान अहमद का प्रयागराज में अंतिम संस्कार, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।

नई दिल्ली/अमर भारती। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद और उसके साथी सोनू के शव शुक्रवार सुबह उनके पैतृक गांव हटवा लाए गए। दोनों के शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कानपुर-झांसी हाईवे पर हुआ था दर्दनाक हादसा

गुरुवार सुबह कानपुर-झांसी राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि अबान अहमद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था। अली अहमद फिलहाल जेल में बंद है। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जुमे की नमाज के बाद होगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, जुमे की नमाज के बाद अबान अहमद को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उसे उसके पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्र के बगल में दफनाया जाएगा। वहीं, अबान के साथी सोनू को उसके पैतृक गांव हटवा में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

शाइस्ता परवीन के आने की अटकलें

अबान अहमद की मां शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड में वांछित है और लंबे समय से फरार चल रही है। बेटे के अंतिम संस्कार में उसके पहुंचने की अटकलों के चलते पुलिस और एसटीएफ की टीमें अलर्ट हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां शाइस्ता परवीन की संभावित गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

अबान अहमद के अंतिम संस्कार को देखते हुए प्रयागराज पुलिस पूरी तरह सतर्क है। हटवा गांव से लेकर कसारी मसारी कब्रिस्तान तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

यहां भी पढ़ें-

UP विधानसभा मानसून सत्र: हंगामे के बीच भावुक हुए अध्यक्ष सतीश महाना बोले-सोचना होगा इस कुर्सी के योग्य हूं या नहीं

Gen Z in Indian Politics: सड़कों पर सबसे मजबूत, लेकिन संसद-विधानसभाओं में क्यों कमजोर है जेनरेशन Z?