ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर लखनऊ भक्तिमय: शहरभर में सजे भंडारे और गूंजेंगे बजरंग बली के जयकारे

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राजधानी के मंदिरों से लेकर प्रमुख चौराहों, मोहल्लों और सोसायटियों तक जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को पूरे शहर में बजरंग बली के जयकारों के साथ भक्तिमय माहौल बना रहेगा। मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, वहीं श्रद्धालु सुबह से शाम तक प्रसाद वितरण में जुटे रहें।

शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शृंगार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भक्तों की ओर से बजरंग बली को सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा। दिनभर मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का दौर चलता रहेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समितियों और आयोजकों ने विशेष व्यवस्थाएं भी की हैं।

जगह-जगह भंडारों का आयोजन

बड़े मंगल के अवसर पर राजधानी में सैकड़ों स्थानों पर अलग-अलग प्रकार के भंडारों का आयोजन किया जाएगा। कहीं सुबह से प्रसाद वितरण शुरू होगा तो कहीं दोपहर बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और आवासीय इलाकों में टेंट सज चुके हैं और आयोजन समितियां अंतिम तैयारियों में जुटी हैं।

स्वच्छ भंडारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर

इस बार प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ भंडारों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कई स्वयंसेवी संस्थाएं आयोजकों को पत्तल और दोने उपलब्ध करा रही हैं, ताकि प्लास्टिक का उपयोग कम किया जा सके। मंगलमान अभियान के तहत ऐसे भंडारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जहां साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था हो, डस्टबिन लगाए जाएं और सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आयोजकों से हरित और पर्यावरण अनुकूल भंडारे आयोजित करने की अपील भी की जा रही है।