30 वर्षों से संघ-भाजपा से जुड़े राजन बकसोर ने जैदपुर विधानसभा सीट से पेश की दावेदारी

बाराबंकी। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट की दावेदारी को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी से करीब 30 वर्षों से जुड़े कार्यकर्ता राजन बकसोर ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जैदपुर (269) सीट से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।

जैदपुर कस्बे के मोहल्ला रईस कटरा निवासी राजन बकसोर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1995 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अपने संगठनात्मक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने संघ और भाजपा में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वे हरख खंड के विस्तारक, अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा मंडल महामंत्री, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और लगातार दो कार्यकाल तक मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।

इसके अलावा वे कई बार जिला कार्यसमिति सदस्य, जिला कार्यक्रम समिति सदस्य तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जैसे पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। राजन बकसोर पिछले दो दशकों से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और वर्ष 2016 से सेक्टर संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पार्टी के विभिन्न आंदोलनों और कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। राजन बकसोर का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता को अपनी दावेदारी रखने का अधिकार है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव और जमीनी कार्य को देखते हुए टिकट देने की मांग की है।

राजन बकसोर ने दावा किया कि उन्हें क्षेत्र के विभिन्न वर्गों और समुदायों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है और कई स्थानों पर होर्डिंग लगाकर जनता से समर्थन मांग रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वे संगठन की नीतियों और विकास के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।