
रामनगर, बाराबंकी। सरयू नदी के कटान और बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल ने हेतमापुर, कोयली पुरवा और तुलसीपुर में राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच लाई, चना और बिस्कुट के करीब 600 पैकेट वितरित किए।
इस दौरान शिव प्रकाश अवस्थी ने कहा कि बाढ़ और नदी के कटान से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की जानी चाहिए। संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भी बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपनी क्षमता के अनुसार वह भी प्रभावित परिवारों की मदद कर रहे हैं। बाढ़ और कटान के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में राहत सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी तत्काल जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने सहयोग के लिए आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान राजकुमार, समाजसेवी रामकिशोर, कमलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।