
लखनऊ। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष अंकित तिवारी और एनएसयूआई मध्य जोन के अध्यक्ष अनस रहमान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष अंकित तिवारी ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक की घटना ने देशभर के लाखों मेहनती छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात कठिन परिश्रम, कोचिंग और ट्यूशन के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन सरकार के संरक्षण में एनटीए परीक्षा आयोजन की पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगातार विफल साबित हो रही है। इसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है और उनका मनोबल टूट रहा है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्तमान की भाजपा सरकार डबल इंजन सरकार नहीं बल्कि पेपर लीक उद्योग बन चुकी है। नेताओं ने कहा कि भ्रष्ट व्यवस्था और पेपर माफियाओं को मिले कथित संरक्षण के कारण मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी, सरकार से रखीं कई मांगें
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रहती है तो आने वाले समय में आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। उन्होंने मांग की कि एनटीए को तत्काल भंग किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और नीट पेपर लीक मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए। इसके अलावा प्रभावित छात्रों को मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य सहायता, फ्री लीगल एड और आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तो युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान दीपक पांडेय, प्रिंस प्रकाश, प्रदेश जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अहमद रजा खान, प्रदेश सचिव मोहम्मद नईम खान, गौरव शुक्ला, स्वप्निल चौरसिया, नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।