भारत के नाम 5वां ओलंपिक मेडल दर्ज, पहलवान रवि दहिया ने जीता रजत पदक

नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए आज का दिन काफी शानदार रहा। 41 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने के बाद अब रवि कुमार दहिया ने भारत के नाम ओलंपिक में जीत दर्ज की है। रवि कुमार दहिया ने रजत पदक जीतकर भारत के कुल मेडल की संख्या 5 कर दी है। मीराबाई चानू के बाद टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले वह तीसरे खिलाड़ी बन चुके हैं। पहलवान रवि दहिया को पुरुषों की फ्रीस्टाइल की 57 किलो वर्ग की इवेंट के फाइनल में हारकर सिल्‍वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। फाइनल में मिली हार के साथ ही गोल्‍ड मेडल जीतने का रवि दहिया का सपना पूरा नहीं हो सका।

ऐसा रहा फाइनल का मुकाबला

फाइनल मुकाबले में जावुर युगुऐव ने रवि को मैट के बाहर धकेलकर पहला प्वाइंट हासिल किया. इसके बाद रूसी पहलवान ने एक और प्वाइंट लेकर स्कोर 0-2 कर दिया। रवि दहिया ने फिर विपक्षी खिलाड़ी को टेकडाउन करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। ब्रेक से पहले जावुर युगुऐव ने रवि दहिया को टेकडाउन कर स्कोर 2-4 कर दिया।
ब्रेक के बाद दूसरे मुकाबले में जागुर युगुऐव ने तीन प्वाइंट हासिल कर स्कोर को 2-7 कर दिया। इसके बाद भारतीय पहलवान ने टेकडाउन के दो अंक लेकर स्कोर को 4-7 कर दिया। वि कुमार दहिया को अब भी बराबरी करने के लिए 3 अंकों की जरूरत थी। लेकिन रूसी पहलवान की डिफेंस काफी मजबूत थी और उन्होंने भारतीय पहलवान को वापसी का मौका नहीं दिया।

हरियाणा सरकार की ओर से 4 करोड़ का ईनाम

टोक्यो ओलंपिक 2020 में रजत पदक जीतने पर हरियाणा सरकार ने रवि दहिया को पुरस्कार देने का ऐलान किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रवि दहिया को 4 करोड़ रुपए ईनाम के रूप में देने की घोषणा की है। इसी के साथ उनके गांव नाहरा में इनडोर स्टेडियम बनवाने का ऐलान भी किया है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

‘रवि कुमार दहिया एक शानदार पहलवान..आपकी संघर्ष क्षमता और मेहनत असाधारण रही. टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई।’ साथ ही पीएम ने ओलंपिक में बारीक अंतर से ब्रांज मेडल चूकने वाले रेसलर दीपक पूनिया के प्रदर्शन को लेकर भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘दीपक ने बारीक अंतर से भले ही ब्रांज मेडल गंवा दिया लेकिन उन्होंने दिलों को जीता।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *