
लखनऊ, 30 मई 2026। ईंधन बचत, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को लखनऊ के न्यायिक अधिकारियों ने साइकिल से न्यायालय पहुंचकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह के नेतृत्व में सभी न्यायिक अधिकारी प्रातः डालीबाग स्थित सेशंस हाउस से साइकिल द्वारा न्यायालय के लिए रवाना हुए।
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय आएंगे, जबकि जो अधिकारी साइकिल नहीं चला सकते, वे बैटरी रिक्शा का उपयोग करेंगे। इस पहल का उद्देश्य न केवल ईंधन की बचत करना है, बल्कि आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और प्रेरित करना भी है।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव का आधार बनती हैं। यदि अधिक से अधिक लोग साइकिल या पर्यावरण अनुकूल वाहनों का उपयोग करें तो प्रदूषण कम करने और ऊर्जा बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
यह अभियान इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली के मार्गदर्शन एवं शुभाशीष से प्रारंभ किया गया है। अभियान का शुभारंभ 22 मई 2026 को प्रशासनिक न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया था।
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारियों ने संकल्प लिया है कि प्रत्येक शनिवार को सभी न्यायिक अधिकारी साइकिल से न्यायालय पहुंचेंगे। इसी क्रम में अभियान के दूसरे चरण में शनिवार को एक बार फिर न्यायिक अधिकारियों ने साइकिल यात्रा कर ईंधन संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
न्यायिक अधिकारियों की इस अनूठी पहल को लोगों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।