
लखनऊ। राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 27 मई को थाना बाजारखाला पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि ईदगाह गेट नंबर-12 के सामने एक महिला घायल अवस्था में बेहोश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को एम्बुलेंस की मदद से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मृतका के परिजनों से पूछताछ की। जांच में मृत महिला की पहचान चाँदनी पुत्री मोहम्मद शफीक निवासी तकिया चाँद अलीशाह, थाना बाजारखाला, लखनऊ के रूप में हुई। मृतका की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, चांदनी की शादी करीब सात वर्ष पहले मोहम्मद शाहीद पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी रामनगर धोबीघाट, थाना बाजारखाला, लखनऊ के साथ हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी विवाद के चलते आरोपी पति मोहम्मद शाहीद ने धारदार चाकू से गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतका के पिता मोहम्मद शफीक पुत्र स्वर्गीय इलाही बख्श निवासी तकिया चाँद अलीशाह, ऐशबाग, थाना बाजारखाला, लखनऊ की तहरीर के आधार पर थाना बाजारखाला में मुकदमा संख्या 0104/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शाहीद को ऐशबाग थाना बाजारखाला क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपी को 27 मई 2026 को शाम करीब 8 बजे विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहीद पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी रामनगर धोबीघाट, थाना बाजारखाला, लखनऊ उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह, उपनिरीक्षक अनुज प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल विनय कुमार सिंह और कांस्टेबल संदीप कुमार शर्मा शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।