
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा संचालित विभिन्न आवासीय योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के ‘सबके लिए आवास’ मिशन के तहत पात्र आवेदकों के चयन के लिए रविवार 6 जुलाई को लखनऊ में लॉटरी (ड्रा) का सफल आयोजन किया गया। यह प्रक्रिया परिषद की अवध शिल्पग्राम, अवध विहार योजना स्थित हॉल में आवेदकों की उपस्थिति में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
यूपी आवास एवं विकास परिषद की विकास नगर योजना के अंतर्गत कुर्सी रोड योजना-जाहिरपुर, वृन्दावन योजना के अंतर्गत ग्राम कनहका, मोहनलालगंज तथा इन्दिरा नगर योजना के अंतर्गत अनौराकला में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक के तहत ऑनलाइन पंजीकरण खोले गए थे। इसके अलावा अवध विहार योजना के लिए भी ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
लॉटरी के माध्यम से चयन की प्रक्रिया पूरी
इन सभी योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों का सत्यापन सूडा कार्यालय, लखनऊ द्वारा किया गया। सत्यापन के बाद प्राप्त पात्रता सूची के आधार पर पात्र आवेदकों के बीच लॉटरी के माध्यम से चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ जोन के जोनल आयुक्त चंदन कुमार पटेल ने की। पूरी चयन प्रक्रिया आवेदकों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।