लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह पर छात्रा से अश्लील वार्तालाप करने, अनुचित लाभ का प्रलोभन देने और परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट कराने के आरोप लगने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में लखनऊ पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा लिखित तहरीर दी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह पुत्र अमर पाल सिंह निवासी रतनपुर खुर्द, थाना हीमपुर दीपा, जनपद बिजनौर ने विश्वविद्यालय की एक छात्रा से अश्लील बातचीत की और उसे अनुचित लाभ देने का प्रलोभन दिया। छात्रा द्वारा उपलब्ध कराए गए कथित ऑडियो में परीक्षा प्रश्नपत्र आउट कराने संबंधी बातें भी सामने आईं।
वायरल ऑडियो में आरोपी प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा से “डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है” और “एग्जाम से पहले आ जाओ, पेपर दे देंगे” जैसी बातें कहते सुनाई दे रहे हैं। वहीं छात्रा कथित रूप से कहती सुनाई दे रही है कि “मुझे पेपर नहीं चाहिए, फिर से मोलेस्ट करना चाहते हैं।”
मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच समिति गठित की थी। जांच के बाद परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर हसनगंज थाना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त महानगर द्वारा की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षकों के बीच मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।