सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


हरदोई। बिलग्राम कस्बे में शनिवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहल्ला रफैयत गंज निवासी गोविंद (36) पुत्र श्रीपाल के रूप में हुई है। गोविंद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार गोविंद शुक्रवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने रफैयत गंज से कानपुर बाईपास मार्ग पर सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। शव पालिका के पम्प हाउस से करीब 300 मीटर दूरी पर मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के परिवार में पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।