
कुरावली (मैनपुरी)। बिहार के मोतिहारी निवासी सुल्तान मिर्जा का कुरावली पहुंचने पर मुस्लिम समाज और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। साइकिल से हज यात्रा पर निकले सुल्तान मिर्जा के स्वागत में लोगों ने फूल-मालाएं पहनाईं, इत्र भेंट किया और उनकी यात्रा की सफलता के लिए दुआएं मांगीं।
वर्तमान में दिल्ली के संगम विहार में रह रहे सुल्तान मिर्जा ने 1 मई से अपनी इस विशेष यात्रा की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि वह भारत से नेपाल, चीन, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तजाकिस्तान, अफगानिस्तान, ईरान और दुबई होते हुए सऊदी अरब के मक्का तक पहुंचेंगे।
सुल्तान मिर्जा के अनुसार उनका लक्ष्य करीब 9 महीने में इस सफर को पूरा करने का है। इसके लिए वह प्रतिदिन लगभग 30 किलोमीटर साइकिल चलाकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सफर उनके लिए इबादत और खुदा के प्रति अकीदत का प्रतीक है।
जैसे ही सुल्तान मिर्जा कुरावली पहुंचे, स्थानीय लोगों का हुजूम उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। लोगों ने फूलों की वर्षा कर उनके हौसले और जुनून की सराहना की। इस दौरान मोहम्मद अजमेरी फारूकी, सभासद आकिल फारूकी, असलम फारूकी, नावेद फारूकी, आजम, इरशाद उर्फ मामा ठाकुर, मुख्तियार अली उर्फ मुन्नू, फिदा हुसैन उर्फ चीनी, चांद बाबू चौधरी, शाहिद मिस्त्री और परवेज फारूकी सहित कई लोग मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि सुल्तान मिर्जा का यह सफर आस्था, दृढ़ संकल्प और आपसी सौहार्द की मिसाल है। स्वागत के बाद वह अपनी अगली मंजिल के लिए रवाना हो गए।