
उन्नाव जिले में टोल टैक्स बचाने के लिए ओवरलोड ट्रकों और डंपरों द्वारा वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल लगातार बढ़ता जा रहा है। नवाबगंज टोल से पहले भारी वाहन लखनापुर की ओर मुड़कर मोहान मार्ग होते हुए लखनऊ की तरफ निकल रहे हैं। सुबह तड़के और देर रात इन भारी वाहनों की आवाजाही अधिक देखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ओवरलोड वाहनों को रोकने के उद्देश्य से संबंधित विभाग की ओर से मार्ग पर हाइट गेज लगाया गया था, ताकि निर्धारित ऊंचाई से अधिक बड़े वाहन इस रास्ते से न गुजर सकें। लेकिन हाइट गेज लगाए जाने के अगले ही दिन उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग बार-बार हाइट गेज लगाते हैं और बेखौफ ओवरलोड वाहन उसे फिर तोड़कर निकल जाते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि हाइट गेज तोड़े जाने की घटनाएं लगातार सामने आने के बावजूद पुलिस और परिवहन विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।मोहान-लखनापुर मार्ग संकरा होने के कारण यहां तेज रफ्तार भारी वाहनों से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और राहगीरों को सड़क पार करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही लगातार भारी वाहनों के गुजरने से सड़क की स्थिति भी प्रभावित हो रही है।स्थानीय स्तर पर परिवहन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब हाइट गेज तोड़े जाने की घटनाएं खुलकर सामने आ रही हैं तो ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।स्थानीय लोगों के अनुसार हाइट गेज टूटते ही भारी वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो जाती है। आरोप है कि हाइट गेज क्षतिग्रस्त होने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग सक्रिय नजर नहीं आते।एसडीएम हसनगंज Pragya Pandey ने बताया कि वाहनों की आवाजाही और हाइट गेज तोड़े जाने के मामले की जांच क्षेत्राधिकारी हसनगंज को सौंप दी गई है।वहीं क्षेत्राधिकारी हसनगंज ने बताया कि धर्म कांटे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया है। जांच में एक अज्ञात ट्राला द्वारा हाइट गेज तोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। ट्राला का नंबर ट्रेस किया जा रहा है और पहचान होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।