
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र स्थित गोमती पुल के नीचे चंदवक घाट पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान दो युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा मछुआरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार हीरापुर मचहटी गांव के छह दोस्त एक साथ गोमती घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से प्रवेश यादव (17) और शिवम चौरसिया (19) डूबने लगे। दोनों को बचाने के प्रयास में उनका साथी विशाल गौंड भी नदी में डूबने लगा, लेकिन उसने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।