राष्ट्रीय स्वराज अभियान के तहत पूरेडलई में विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण, पंचायत सहायकों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए गए गुर


बाराबंकी। विकासखंड पूरेडलई के सभागार में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वराज अभियान के अंतर्गत एकदिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी रविंद्र कुमार एवं सहायक विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने की। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत सहायकों को शासन की प्राथमिकताओं, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाना था।
प्रशिक्षण में विकासखंड की 49 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों ने भाग लिया। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्रामीण पेयजल व्यवस्था, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता, प्लास्टिक प्रतिबंध तथा हरित ग्राम पंचायत की अवधारणा पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
खंड विकास अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत सहायक ग्रामीण विकास योजनाओं की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होने से गांवों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी पंचायत सहायकों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सहायक विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जानी चाहिए, ताकि गांवों में पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में सचिव मनीष सिंह, सांसद प्रतिनिधि निगम, आलोक गौतम, राजेंद्र कुमार बाजपेयी, कुलदीप, वीरेश कुमार सहित ब्लॉक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का संचालन एवं तकनीकी मार्गदर्शन ट्रेनर ऋतिक सोनकर, आलोक पाठक और जसवंत सिंह ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अंत में सभी पंचायत सहायकों ने ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।