
लखनऊ। अगर राजधानी में फीफा जैसा माहौल महसूस करना है तो फन रिपब्लिक मॉल फुटबॉल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गया है। यहां फीफा मैचों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ फीफा विश्व कप के हर संस्करण के विजेता देशों के फ्लैग प्रदर्शित किए गए हैं। विजेता ट्रॉफी की प्रतिकृति भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यही नहीं, फुटबॉल प्रेमियों को खेल से जुड़ी कई रोचक गतिविधियों में भाग लेने का भी अवसर मिल रहा है।
रविवार को अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके वरिष्ठ फुटबॉलर प्रमोद कुमार मिश्रा द्वारा उद्घाटित “फन फुटबॉल फेस्ट” को शहरवासियों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। आयोजन शुरू होने के बाद से अब तक करीब एक हजार लोगों ने अपना पंजीकरण कराया है। लीग मुकाबलों की शुरुआत भी हो चुकी है, जिसमें लखनऊ की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
वहीं शुक्रवार, शनिवार और रविवार को प्रतियोगी मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि सप्ताह के अन्य दिनों में आम नागरिक और फुटबॉल प्रेमी पंजीकरण कराकर स्किल चैलेंज, पेनल्टी शूटआउट और अन्य फुटबॉल गतिविधियों में हिस्सा ले सकते हैं। सोमवार को अंडर-10, अंडर-12, अंडर-13 और अंडर-14 वर्ग के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता आगे बढ़ने के साथ खिलाड़ी ट्रॉफी की ओर अपना सफर तय करेंगे।
विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स ब्रांड्स भी आकर्षण का केंद्र
फुटबॉल महोत्सव के साथ खेल प्रेमियों के लिए एक और बड़ा आकर्षण फन रिपब्लिक मॉल में उपलब्ध विश्व प्रसिद्ध स्पोर्ट्स ब्रांड्स हैं। मॉल के हालिया विस्तार के तहत एडिडास, नाइकी, अंडर आर्मर, एसिक्स, न्यू बैलेंस, लाइफस्टाइल और प्यूमा जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। इससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स उत्पादों का अनुभव भी मिल रहा है।
फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है उद्देश्य
आयोजकों का कहना है कि इस महोत्सव का उद्देश्य केवल फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं में फिटनेस, टीम भावना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना भी है। फुटबॉल के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए यह आयोजन खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। आयोजन स्थल पर प्रशिक्षित कोच भी मौजूद हैं, जो प्रतिभागियों को फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों से परिचित करा रहे हैं।
25 जुलाई तक जारी रहेगा महोत्सव
21 जून से शुरू हुआ यह फुटबॉल महोत्सव 25 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान रोमांचक फुटबॉल मुकाबलों के अलावा दर्शकों के लिए विशेष सहभागिता कार्यक्रम, स्किल चैलेंज, पेनल्टी शूटआउट और कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।