स्वहित से बढ़कर राष्ट्रहित, अधिकारी सप्ताह में एक दिन करें सार्वजनिक परिवहन का उपयोग: धर्मपाल सिंह


लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए आर्थिक अनुशासन और ऊर्जा बचत को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए सभी विभागीय कार्य अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किए जाने चाहिए।
शुक्रवार को जारी निर्देशों में मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को अपने-अपने कार्यालयों में प्रभावी रूप से लागू कराना सुनिश्चित करें।
कैबिनेट मंत्री ने विभागीय बैठकों और आयोजनों में अनावश्यक यात्राओं को कम करने पर जोर देते हुए कहा कि मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले दुग्ध महोत्सव, समीक्षात्मक बैठकों और अन्य गतिविधियों में डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विभागीय समन्वय को मजबूत करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकाधिक बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग समय की बचत के साथ-साथ सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग में सहायक होगा और इससे कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ बनेगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में राष्ट्रहित के विषयों पर सहयोग की अपील की गई है, ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर देशहित में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक उत्तरदायी, आधुनिक और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और विभागीय स्तर पर भी उसी भावना के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं।