UP में गर्मी और लू से जल्द मिलेगी राहत: 30 जून से प्रदेशभर में तीन-चार दिन होगी झमाझम बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार रात से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून प्रवेश करेगा। इसके बाद 30 जून से प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह तक मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। मानसूनी बारिश शुरू होने के साथ प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू का प्रभाव काफी हद तक समाप्त हो जाएगा।

शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा

हालांकि, मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के 35 जिलों में तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बांदा 43 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

अगले तीन दिनों के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर होगा खत्म

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लू का असर खत्म हो जाएगा और मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने से मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।