
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार से बुधवार के बीच कभी भी मानसून सक्रिय हो सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और व्यापक स्तर पर अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर समेत 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी सहित 29 जिलों में वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 25 अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की गई है।
भीषण गर्मी और उमस से लोगों को काफी मिली राहत
रविवार से सोमवार के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के कई जिलों में तेज हवा के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई। बहराइच में सबसे अधिक 104 मिमी और श्रावस्ती में 80 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई, जिससे लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि सोमवार को आगरा 42.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि अलीगढ़ में 42 डिग्री और बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 30 जून से एक जुलाई के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। उनके मुताबिक जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने के प्रबल आसार हैं, जिससे खेती-किसानी के साथ-साथ जलस्तर में भी सुधार होने की उम्मीद है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अंबेडकरनगर, महोबा, ललितपुर, झांसी और आसपास के क्षेत्र हैं।
इन जिलों में वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्र हैं।