रामनगर में सहायक अध्यापक ने किया सुसाइड: परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

रामनगर। आदर्श नगर पंचायत रामनगर के कस्बा धमेड़ी-2 में सोमवार सुबह एक सरकारी सहायक अध्यापक ने आत्महत्या कर लिया। सुबह शिक्षक का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलकर देखा तो सुभाषकर तिवारी कमरे के अंदर फंदे से लटके मिले। परिजन तुरंत उन्हें नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मृतक सुभाषकर तिवारी बहराइच जिले के जरवल विकासखंड स्थित बरौलिया के परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन से शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। विद्यालय के शिक्षकों और बीईओ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह व कस्बा प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच में जुटी पुलिस

मृतक की पत्नी भी परिषदीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक नौ वर्षीय बालक और चार वर्षीय बालिका है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।