अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान: 58 लीटर शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। यूपी के जनपद गोरखपुर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 58 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही करीब 200 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल छह अभियोग दर्ज किए गए, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

शाहपुर और खोराबार क्षेत्र में 30 लीटर शराब बरामद

अभियान की पहली कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 मनीष त्यागी ने अपनी टीम के साथ शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार और खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद इलाके में विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने लगभग 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चार अभियोग दर्ज किए गए। वहीं दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत जेल भेज दिया गया।

गगहा क्षेत्र में संयुक्त टीम की दबिश, 28 लीटर शराब और 200 किलो लहन बरामद

दूसरी कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 बांसगांव शत्रुघ्न और प्रवर्तन-2 गोरखपुर की संयुक्त टीम ने गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर और उचेर गांव में खेतों, बागों और झाड़ियों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 28 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए।

कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने अपनाए नए तरीके

सूत्रों के अनुसार, अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुछ तस्कर अब कच्ची शराब के साथ-साथ देशी शराब की भी अवैध बिक्री कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि निर्धारित प्रिंट रेट से 10 से 20 रुपये अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही थी। आबकारी विभाग को यह भी जानकारी मिली है कि कार्रवाई से बचने के लिए शराब कारोबारियों ने शराब छिपाने के नए-नए तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं।

छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर शराब बाथरूम और बेड के नीचे छिपाकर रखी गई मिली। सूत्रों का कहना है कि जिले के कुछ अवैध कारोबारी सुबह होने से पहले ही अलग-अलग ठिकानों पर कच्ची शराब की खेप पहुंचा देते हैं, ताकि विभागीय कार्रवाई के दौरान पकड़ में आने से बच सकें।

अवैध कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति: जिला आबकारी अधिकारी

जिला आबकारी अधिकारी अरविन्द मौर्य ने बताया कि गोरखपुर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में आबकारी टीमों द्वारा नियमित रूप से दबिश दी जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल विभाग को जानकारी दें, ताकि प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।