UP STF ने 1 लाख का इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव मुठभेड़ में किया ढेर


लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश संजय उर्फ संजीव को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। संजय पुत्र हरीराम, जनपद अंबेडकरनगर के थाना अहिरौली क्षेत्र के ग्राम चक कोदार का निवासी था और कई जघन्य आपराधिक मामलों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, संजय 27 मई 2026 को पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। इसके अलावा उसने अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या जनपद में हत्या समेत कई सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया था।
जांच में सामने आया कि संजय कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई संगीन अपराधों में शामिल रहा। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस आयुक्त, लखनऊ द्वारा ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया था।
शनिवार, 27 जून 2026 को लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम की संजय से मुठभेड़ हुई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में संजय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।