
UPP आरक्षी परीक्षा: चारबाग स्टेशन पर बढ़ाई गई सुरक्षा,
जीआरपी-आरपीएफ ने किया संयुक्त निरीक्षण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को देखते हुए राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए जीआरपी और आरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यात्रियों और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जीआरपी रोहित मिश्रा और आरपीएफ कमांडेंट देवेश शुक्ला के नेतृत्व में अधिकारियों ने चारबाग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त पैदल गश्त कर प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित विभिन्न स्थानों की जांच की।
सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों के सामान की सघन चेकिंग की गई। स्टेशन परिसर में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने ट्रेनों के कोचों में जाकर भी जांच की और संदिग्ध वस्तुओं व व्यक्तियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यात्रियों और अभ्यर्थियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। परीक्षा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।
जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को परीक्षा के मद्देनजर चौबीसों घंटे विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां स्टेशन परिसर की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं ताकि अभ्यर्थियों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।