कौन बनेगा जदयू का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष ?, आज शाम बैठक में होगा फैसला

नई दिल्ली। क्या जदयू नए अध्यक्ष का चुनाव करेगा? क्या आरसीपी सिंह अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे? क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी और के हाथों में पार्टी की कमान सौंपेंगे? जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्र मंत्री बनने के बाद से सियासी अटकलें लगाई जा रहीं थी कि पार्टी की ‘एक व्यक्ति एक पद’ नीति के चलते जदयू अब नया अध्यक्ष चुनेगी। इन्ही अटकलों के बीच जदयू ने शनिवार को राजधानी दिल्ली में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया है।

दिल्ली में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

दिल्ली में आज जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने वाली है। शाम चार बजे जंतर-मंतर स्थित पार्टी कार्यालय में होने वाली इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। इससे पहले सुबह 11 बजे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। जानकारी के अनुसार, अब दोपहर तीन बजे जदयू सांसद सीएम से मुलाकात करेंगे। फिर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

ललन सिंह को मिल सकती है जिम्मेदारी

सूत्रों की माने तो इस बैठक में पार्टी का नए अध्यक्ष भी तय किया जाएगा। वर्तमान अध्यक्ष आरसीपी को केंद्र के मंत्री मंडल विस्तार में जगह मिली थी। इसी के बाद बिहार की सियासी गलियारों में नीतीश कुमार के करीबी आरसीपी की जगह ललन सिंह को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के कयास लग रहे हैं। इस पद के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी प्रबल उम्मीदवार बताए जा रहे हैं। अब इन सब कयासों के कितनी सच्चाई है यह तो पार्टी की आज की बैठक के बाद ही पता लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *