
बहराइच। शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं नीति आयोग के सहयोग से “द टीचर ऐप” का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ऐप लॉन्च कर इसे शिक्षकों के लिए उपयोगी डिजिटल मंच बताया।
कार्यक्रम में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए तकनीक का समावेश अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने सुझाव दिया कि “द टीचर ऐप” को केवल शिक्षण सामग्री तक सीमित न रखकर शिक्षकों के दैनिक शैक्षिक कार्यों, नवाचारों और विद्यार्थियों की अधिगम प्रगति से जोड़ा जाए, ताकि यह एक समग्र डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हो सके।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे ऐप के माध्यम से अपने नवाचारी शिक्षण अनुभव और गतिविधियां साझा करें, जिससे जिले में सकारात्मक शैक्षिक प्रतिस्पर्धा और सीखने का बेहतर वातावरण तैयार हो सके।
कार्यक्रम के दौरान “साक्षरता भारती अभियान” पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तिका साक्षरता जागरूकता एवं समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्रीष्मावकाश के दौरान स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अपने अभिभावकों को शिक्षित करने का कार्य भी करेंगे।
बताया गया कि भारती एयरटेल फाउंडेशन का “द टीचर ऐप” पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और एंड्रॉयड, आईओएस तथा वेब प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। शिक्षक मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से इसका उपयोग कर सकेंगे। ऐप हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संचालित होगा।
ऐप में डिजिटल पाठ योजना, ई-कंटेंट, वीडियो आधारित शिक्षण सामग्री, विषयवार प्रश्न बैंक, ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल, शिक्षकों के बीच शैक्षिक सामग्री साझा करने की सुविधा तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट सहायता जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।
बीएसए आशीष कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं एनसीएफ-2023 के अनुरूप तैयार यह ऐप शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देगा।