मुंबई इंडियंस से बर्खास्त लेकिन टी20 विश्व कप 2024 में कप्तान बनेंगे रोहित शर्मा !

मुंबई इंडियंस की कप्तानी से रोहित शर्मा को हटाए जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस मुंबई इंडियंस प्रबंधन पर गुस्सा निकालते हुए दिख रहे हैं। रोहित की जगह पर हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया गया है जोकि गुजरात टाइटंस को लगातार दो बार आईपीएल फाइनल में पहुंचा चुके हैं। हार्दिक के मुंबई इंडियंस में वापस आने पर अब रोहित की नजरें टी20 विश्व कप पर टिक गई हैं। रिपोर्ट की माने तो मुंबई इंडियंस की कप्तानी जाने के बाद रोहित शर्मा का आगामी टी20 विश्व कप के लिए दावा मजबूत हो गया है। वह यहां बतौर कप्तान आखिरी बार आईसीसी खिताब जीतने की कोशिश करना चाहेंगे।

टी20 विश्व कप 2024 अगले साल जून में वेस्ट इंडीज और यूएसए में होना है। रिपोर्ट के अनुसार रोहित शर्मा अभी भी सभी प्रारूपों में भारत के कप्तान बने हुए हैं। वनडे विश्व कप 2023 में प्रभावशाली ढंग से अपने नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हुए, रोहित ने सबको प्रभावित किया था। टी20 में उनकी कप्तानी के आंकड़े भी सबके सामने हैं।

इसी बीच खबर है कि बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा है कि रोहित की कप्तानी की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है, और वह टी20 विश्व कप में भारत का नेतृत्व करने के लिए पसंदीदा विकल्प बने रहेंगे। जब हार्दिक पंड्या के कप्तानी संभालने की संभावना के बारे में सवाल किया गया, तो अधिकारी ने सभी प्रारूपों में रोहित की वर्तमान कप्तानी पर जोर देते हुए ऐसी धारणाओं को खारिज कर दिया।