वाराणसी: गंगा में बियर पीना पड़ा भारी, युवक पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना

वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी में गंगा स्नान के दौरान बियर पीने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार रवाना कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक गंगा नदी में स्नान करते समय खुलेआम बियर पीता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठने लगी।

पुलिस जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान बिहार के रोहतास निवासी के रूप में हुई है। इसके बाद वाराणसी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दशाश्वमेध थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्य और अन्य जानकारियों के आधार पर युवक की पहचान सुनिश्चित की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बिहार भेजी गई है।

वहीं इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की है।