मंजरी सिंह बनीं ‘मिसेज टैलेंटेड 2026’, पेजेंट में लहराया लखनऊ का परचम

लखनऊ। ग्रेस, इंटेलिजेंस और एम्पावरमेंट के शानदार संगम के बीच मंजरी सिंह ने मिसेज उत्तर प्रदेश क्वीन ऑफ़ वर्च्यू पेजेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मिसेज टैलेंटेड 2026’ का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न सिर्फ अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि लखनऊ का नाम भी रोशन किया।
लखनऊ की रहने वाली मंजरी सिंह एक सफल एड-टेक प्रोफेशनल और स्टूडेंट काउंसलर हैं, जो विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उन्हें सशक्त बनाने के लिए जानी जाती हैं। पेजेंट में उनका सफर केवल सुंदरता और प्रतिभा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके उद्देश्य, आत्मविकास और समाज के प्रति समर्पण ने भी सभी को प्रभावित किया।
मंजरी की सफलता के पीछे उनका परिवार सबसे मजबूत आधार रहा है। उनकी मां, पिता, पति, भाई-बहन और बच्चों का निरंतर सहयोग उनके आत्मविश्वास और उपलब्धियों की नींव बना, जिसने उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा दी।
अपने भविष्य को लेकर मंजरी सिंह ने स्पष्ट दृष्टिकोण साझा किया। उनका लक्ष्य अपने पेशेवर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाना और समाज में समान अवसरों व समावेशिता को बढ़ावा देना है। उनके लिए यह खिताब केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि जीवन में जमीन से जुड़े रहना, लगातार सीखते रहना और दया, दृढ़ता व ईमानदारी के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की असली कुंजी है। मंजरी का मानना है कि हर महिला में अपार शक्ति होती है, बस जरूरत है उसे पहचानने और अपने सफर को आत्मविश्वास के साथ अपनाने की।
दुनिया भर की महिलाओं के लिए उन्होंने प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि आत्मविश्वास ही अनंत संभावनाओं का द्वार खोलता है, और जब हिम्मत व मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ा जाए तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।