9 दिवसीय श्रीराम कथा से भक्तिमय होगा लखनऊ: कथा में विभिन्न प्रसंगों का होगा भावपूर्ण वर्णन

लखनऊ। पूज्यपाद पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज की पावन श्रीराम कथा का आयोजन 1 से 9 जून तक सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित होगी। आयोजन समिति के संरक्षक एवं लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

आयोजन समिति के संरक्षक और विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज देश के प्रख्यात संत, विद्वान, शिक्षाविद एवं रामानंदाचार्य संप्रदाय के वर्तमान जगद्गुरु हैं। मात्र दो माह की आयु में दृष्टि चली जाने के बावजूद उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा और कठिन साधना के बल पर 250 से अधिक ग्रंथों की रचना की है। उन्होंने चित्रकूट में दिव्यांगजनों के लिए समर्पित विश्वविद्यालय की स्थापना की और अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि प्रकरण में भी महत्वपूर्ण गवाह के रूप में अपनी भूमिका निभाई। राष्ट्र और संस्कृति के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मविभूषण सम्मान से अलंकृत किया है।

कथा में विभिन्न प्रसंगों का होगा भावपूर्ण वर्णन

एमएलए डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि कथा के प्रथम दिवस कलश यात्रा, रामचरितमानस का विस्तार, गुरु वंदना तथा भारद्वाज-याज्ञवल्क्य मिलन का वर्णन किया जाएगा। द्वितीय दिवस माता सती के हिमाचल गृह में प्राकट्य, तृतीय दिवस शिव विवाह तथा चतुर्थ दिवस श्रीराम प्राकट्योत्सव का आयोजन होगा। पंचम दिवस बाललीला, विश्वामित्र आगमन एवं राम वनगमन, जबकि षष्ठम दिवस सीताराम विवाह का प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा।

सप्तम दिवस राम वनवास, केवट संवाद एवं राम-भरत मिलन का भावपूर्ण वर्णन होगा। वहीं अष्टम दिवस लक्ष्मण जी को उपदेश, सीता हरण एवं शबरी चरित्र का वर्णन श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगा। कथा के अंतिम दिवस नौ जून को कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान लंकादहन, अयोध्या आगमन, श्रीराम राज्याभिषेक उत्सव एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कथा समापन के अवसर पर श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां

डॉ. बोरा ने बताया कि कथा आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। शुक्रवार को नगर निगम, जलकल, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ वाहन पार्किंग, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने लखनऊ समेत आसपास के जनपदों के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति ‘उत्सव’ के महामंत्री राकेश पाण्डेय, जानकीपुरम दुर्गा पूजा उत्सव के संयोजक सौरभ वन्द्योपाध्याय, श्रीश्याम परिवार के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, महामंत्री रुपेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, श्यामजी अग्रवाल, अनिल गुप्ता, डॉ. अजय गुप्ता, ऋषि कपूर, अनुराग साहू, एसके. गोपाल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।